रायपुर महासम्मेलन में सीएम विष्णुदेव साय ने की थी घोषणा, आदेश जारी न होने से कर्मचारियों में असमंजस, संघ ने की शीघ्र भुगतान की मांग
सूरजपुर- राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एन एच एम) के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा 13 जून 2026 को रायपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में 33 दिनों की हड़ताल अवधि का वेतन भुगतान करने की घोषणा की गई थी। इस ऐतिहासिक घोषणा के लगभग तीन माह बीत जाने के बाद भी कर्मचारियों को उक्त अवधि का वेतन नहीं मिल सका है, जिससे कर्मचारियों में घोषणा के प्रशासनिक क्रियान्वयन को लेकर चिंता और असमंजस की स्थिति बन गई है।
प्रक्रिया और भुगतान की समय-सीमा स्पष्ट करने की मांग
छत्तीसगढ़ प्रदेश एन एच एम कर्मचारी संघ का कहना है कि प्रदेश के ग्रामीण, दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में संविदा स्वास्थ्यकर्मी अहम भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री स्तर से सार्वजनिक मंच से घोषणा होने के बावजूद अब तक आदेश जारी न होना समझ से परे है। संघ ने मांग की है कि संबंधित फाइल किस प्रशासनिक स्तर पर लंबित है, इसकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए और आदेश जारी कर भुगतान की निश्चित समय-सीमा तय की जाए।
प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने की शीघ्र आदेश की मांग
छत्तीसगढ़ प्रदेश एन एच एम कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी पुरन दास ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा का सम्मान करते हुए 33 दिनों की हड़ताल अवधि के वेतन भुगतान की प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी तकनीकी या प्रशासनिक स्तर पर मामला रुका हुआ है, तो कर्मचारियों को आधिकारिक रूप से अवगत कराया जाए कि आदेश कब तक जारी होगा।
धरातलीय क्रियान्वयन से बढ़ेगा विश्वास: जिलाध्यक्ष
संघ के सूरजपुर जिलाध्यक्ष बृजलाल पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा का शीघ्र धरातलीय क्रियान्वयन होने से संविदा स्वास्थ्यकर्मियों में शासन के प्रति विश्वास और सुदृढ़ होगा। संघ ने हड़ताल अवधि के वेतन के साथ-साथ एनएचएम कर्मचारियों से जुड़ी अन्य लंबित मांगों और पूर्व में की गई घोषणाओं पर भी शीघ्र सकारात्मक पहल करने की मांग शासन से की है। वर्तमान में प्रदेश भर के स्वास्थ्यकर्मियों की नजरें शासन के अंतिम आदेश पर टिकी हुई हैं।