सूरजपुर- भारत निर्वाचन आयोग के तीनों निर्वाचन आयुक्तों द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर दिए गए संयुक्त बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और विपक्षी इंडी गठबंधन के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। सूरजपुर स्थित भाजपा कार्यालय अटल कुंज में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान जिला पंचायत सूरजपुर की अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा ने कांग्रेस और विशेषकर राहुल गांधी पर जमकर प्रहार किया।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए चंद्रमणि पैकरा ने कहा कि निर्वाचन आयोग के तीनों आयुक्तों के आधिकारिक व संयुक्त स्पष्टीकरण से यह पूरी तरह साफ हो गया है कि SIR प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों द्वारा लगाए जा रहे तमाम आरोप पूरी तरह तथ्यहीन, मनगढ़ंत और राजनीति से प्रेरित थे। उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग एक निष्पक्ष और संवैधानिक संस्था है, जिसकी साख पर सवाल उठाकर कांग्रेस ने हमेशा की तरह देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया है।”
चंद्रमणि पैकरा ने आगे कहा कि जब भी चुनाव नजदीक आते हैं या कांग्रेस को अपनी हार सामने दिखाई देती है, वह संवैधानिक संस्थाओं पर अनर्गल आरोप मढ़ना शुरू कर देती है। अब जब चुनाव आयोग ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है, तो राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के नेताओं को अपने झूठे दावों के लिए निर्वाचन आयोग और देश की जनता से अविलंब सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।
पत्रकार वार्ता में वक्ताओं ने रेखांकित किया कि भाजपा हमेशा से पारदर्शी, निष्पक्ष और सुदृढ़ चुनावी प्रक्रिया की पक्षधर रही है, जबकि विपक्ष केवल भ्रामक बयानबाजी कर आम जनता को गुमराह करने का काम कर रहा है।
वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, पूर्व भाजपा महामंत्री राजेश महलवाला, जिला प्रवक्ता मुकेश गर्ग भाजपा जिला मंत्री दीपक गुप्ता, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष देव गुप्ता, मुकेश साहू, सहीम अंसारी, सोनू साहू, दीक्षित वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















