सूरजपुर- शासकीय रेवती रमण मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय सूरजपुर में अध्यनरत बीएससी प्रथम सेमेस्टर के नियमित विद्यार्थियों ने वनस्पतिशास्त्र विषय के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में लगे पौधों का अध्ययन किया। महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के शाकीय पौधे, झाड़ी एवं वृक्ष लगाए गए हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत बीएससी प्रथम वर्ष में एलिमेंट्री बॉटनी के अंतर्गत विद्यार्थियों को पौधों की विविधता एवं उनके महत्व की जानकारी का पाठ्यक्रम शामिल किया गया है। पौधों के औषधीय उपयोग एवं ग्रामीण आजीविका में पौधों के उपयोग का विस्तृत अध्ययन भी शामिल कियागया है।
वनस्पतिशास्त्र विभाग के विभाग अध्यक्ष टी.आर. राहंगडाले द्वारा 145 विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिसर के विभिन्न पौधों की विविधता एवं महत्व की जानकारी दी गई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एच. एन. दुबे द्वारा विद्यार्थियों को निर्देशित किया गया कि महाविद्यालय परिसर में लगे पौधों की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए तथा अपने क्षेत्र में नए पौधों को रोपित भी करना चाहिए, जिससे पर्यावरण सुरक्षित और सुदृढ़ हो सके।

















