सूरजपुर। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के बीच सर्दी, खांसी, बुखार और अन्य मौसमी बीमारियों के मामले बढ़ सकते हैं। इसे देखते हुए जिला चिकित्सालय सूरजपुर के सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम ने आम लोगों से स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों का अधिक ध्यान रखने की सलाह दी है।
डॉ. मरकाम ने कहा कि बदलते मौसम में तापमान में अचानक बदलाव का असर स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। ऐसे में बच्चों को अनावश्यक रूप से ठंडे वातावरण में रखने से बचें और मौसम के अनुरूप कपड़े पहनाएं। घर के आसपास साफ-सफाई रखें तथा बच्चों को पर्याप्त मात्रा में पानी और पौष्टिक आहार दें।
उन्होंने सर्दी, खांसी या बुखार होने पर बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाइयां लेने से बचने की अपील करते हुए कहा कि यदि लक्षण लगातार बने रहें या स्थिति बिगड़ती नजर आए तो नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा चिकित्सक से जांच एवं उचित उपचार कराएं।
सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम ने आमजन से अपील की है कि मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए थोड़ी सी सावधानी बरतकर स्वयं और अपने परिवार को मौसमी बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सकता है। खासकर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर अभिभावक किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।