जनकल्याणकारी योजनाओं से बदला जनजीवन, महिलाओं को राहत और जरूरतमंदों को मिला सहारा – विधायक मरावी
रोजगार और आजीविका से जुड़े कार्यों का लाभ लेने किया गया प्रेरित
सूरजपुर- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासखंड प्रेमनगर के ग्राम पंचायत कोटेया में विधानसभा स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी के आतिथ्य में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण किया गया। विभागीय अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों पर की गई कार्रवाई एवं निराकरण की जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराते हुए उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान प्रेमनगर जनपद अध्यक्ष फुलेश्वर सिरदार, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
विधायक मरावी ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान मनाया जा रहा है। सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से प्रशासन जन-जन तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार लाभ लेने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के पक्के घर का सपना साकार हो रहा है। आवास प्लस 2.0 सर्वे के माध्यम से शेष पात्र परिवारों को भी आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी जारी है। महिलाओं के जीवन में आए बदलाव को रेखांकित करते हुए मरावी ने कहा कि पहले माताओं और बहनों को जलावन की लकड़ी के लिए जंगल जाना पड़ता था तथा धुएं के बीच भोजन बनाना पड़ता था।
लेकिन प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से उन्हें इन कठिनाइयों से राहत मिली है। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न सहायता सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के जीवन को बेहतर बनाने में सहायक हो रही हैं।श्री मरावी ने वीबी जी राम जी के संबंध में जानकारी देते हुए ग्रामीणों को रोजगार एवं आजीविका से जुड़े कार्यों का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि इसके तहत 125 दिन का काम तथा प्रतिदिन 300 रुपये मजदूरी मिलने का प्रावधान है। डबरी, तालाब सहित आजीविका हित के विभिन्न कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने ग्रामीणों से इन अवसरों का लाभ लेने को कहा। इस दौरान विधायक श्री मरावी ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी विभाग से संबंधित समस्या सामने आने पर उसके समाधान के लिए तत्काल पहल करें। ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आवश्यक मार्गदर्शन दें तथा उनके आवेदनों पर तत्परता से कार्रवाई करें।
इस दौरान अतिथियों द्वारा हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।10 हितग्राहियों को पेंशन, 6 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, 4 को आईस बॉक्स, 6 लोगों को मछली जाल सहित विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। बच्चों का अन्नप्राशन एवं गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई। इस दौरान उद्यान विभाग द्वारा फलदार पौधा वितरण किया गया।
उल्लेखनीय है कि शिविर में विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी। सेवा सेतु शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखने, आवेदन के निराकरण की जानकारी प्राप्त करने और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने का अवसर भी मिल रहा है।