सूरजपुर- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शिक्षा को प्रोत्साहन देने एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विश्रामपुर में मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी की मुख्य उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 10 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विधायक मरावी ने विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा आगामी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
विधायक भुलन सिंह मरावी ने कहा कि आगामी परीक्षाओं में प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के जो विद्यार्थी 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करेंगे, उन्हें भी 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने के लिए वे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आग्रह करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा को निखारने और बेहतर परिणाम के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
समारोह में शासकीय हाई स्कूल पसला की कलावती राजवाड़े, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विश्रामपुर की कु. सायमा, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सूरजपुर के कृष्णा तिवारी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डुमरिया की खुशबू राजवाड़े एवं प्रकाश कुमार रवि, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सूरजपुर की दीपा साहू, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करंजी के नितेश कुमार, मिथिलेश एवं स्वाती राजवाड़े तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केतका के लवकेश कुमार को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शिक्षकों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा शिक्षा को बढ़ावा देने और मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की पहल के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधिगण, शिक्षक,छात्र छात्राये, पालकगण उपस्थति रहे।















