---Advertisement---

भैयाथान में 8 से 10 अक्टूबर तक गूंजेगा खेलों का रोमांच, गांव-गांव की प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच

Follow Us
Spread the love

सरगुजा ओलंपिक 2026-27 की तैयारियां पूरी, एथलेटिक्स से लेकर कबड्डी, फुटबॉल और तीरंदाजी तक होगा दमदार मुकाबला

सूरजपुर/भैयाथान। ग्रामीण अंचलो की खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और युवाओं को खेलों के जरिए मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से विकासखंड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक खेल प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 8 से 10 अक्टूबर तक किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाली यह खेल प्रतियोगिता भैयाथान विकासखण्ड के ग्राम पंचायत समौली के स्टेडियम में आयोजित होगी, जहां अलग-अलग खेलों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।

छत्तीसगढ़ शासन की पहल पर आयोजित इस प्रतियोगिता में विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों, शासकीय-अशासकीय शैक्षणिक संस्थानों सहित विभिन्न स्तरों से खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के माध्यम से भी ग्रामीण और आदिवासी अंचल की छिपी खेल प्रतिभाओं को प्रतियोगिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

जिन खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन हुआ है, वही ले सकेंगे हिस्सा

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों का पंजीयन कराया गया है। जिन खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है, उन्हीं को प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति होगी। ऐसे खिलाड़ी निर्धारित तिथि और समय पर संबंधित खेल के लिए समौली स्टेडियम में पहुंचकर प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगे।

तीन दिन… कई खेल… और प्रतिभाओं का जोरदार मुकाबला

प्रतियोगिता के तहत 8 अक्टूबर को एथलेटिक्स और वॉलीबॉल के मुकाबले होंगे। एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और 4×100 मीटर रिले रेस जैसी स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। वहीं 9 अक्टूबर को खेल का रोमांच और बढ़ेगा। इस दिन कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी (इंडियन राउंड 30 मीटर एवं 50 मीटर) और बास्केटबॉल के मुकाबले होंगे। इसके बाद 10 अक्टूबर को प्रतियोगिता के अंतिम दिन फुटबॉल, बैडमिंटन, रस्साकशी (प्रदर्शनात्मक- केवल महिला सीनियर वर्ग) और कराटे की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

कराटे में वजन के आधार पर मुकाबले

कराटे प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग आयु एवं वर्ग के अनुसार वजन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। 14-15 वर्ष के जूनियर बालक वर्ग में 45 से 50 किलो, 16-17 वर्ष में 55 से 61 किलो, जबकि जूनियर बालिका वर्ग में 14-15 वर्ष के लिए 42 से 47 किलो और 16-17 वर्ष के लिए 53 से 59 किलो वजन वर्ग निर्धारित है। सीनियर पुरुष वर्ग के लिए 60 से 67 किलो तथा सीनियर महिला वर्ग के लिए 55 से 61 किलो वजन श्रेणी रखी गई है।

गांव की प्रतिभा को मिलेगा पहचान का मंच

सरगुजा ओलंपिक का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण और आदिवासी अंचल में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराना भी है। आयोजन के जरिए युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। 8 से 10 अक्टूबर तक समौली स्टेडियम में होने वाला यह आयोजन भैयाथान क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का बड़ा मौका बनने जा रहा है। तीन दिनों तक मैदान में दौड़, ताकत, कौशल और टीम भावना की जोरदार टक्कर देखने को मिलेगी।

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment