सूरजपुर- वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल के निर्देशन में अवैध वनोपज पर कड़ी कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में वनपरिक्षेत्र रामानुजनगर में अवैध परिवहन करते पाये जाने पर जप्ती की कार्यवाही की गयी।
वन परिक्षेत्र अधिकारी रामानुजनगर ने जानकारी दी है कि अवैध वनोपज परिवहन की सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र रामानुजनगर के अधिकारी एवं स्टॉफ ने तत्काल क्षेत्र में सघन निगरानी एवं जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने दो वाहनों को अवैध वनोपज का परिवहन करते हुए पकड़ा। पहले वाहन बोलेरो पिकअप सीजी 29 ए – 6026 से साल प्रजाति के 22 नग चिरान बरामद किए गए। दूसरे वाहन पावर ट्रैक्टर मय ट्रॉली से मिश्रित प्रजाति की 56 नग बल्ली जब्त की गई। दूसरे वाहन पंजीयन नम्बर नहीं लिखा गया था।
उपरोक्त वाहनों में बिना दस्तावेज अवैध रूप से परिवहन करते पाए जाने पर दोनों मामलों में वन विभाग द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की गई और वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया। इस दौरान वनपरिक्षेत्राधिकारी रामानुजनगर रामकिशन सिंह, वनरक्षक ऋषि कुमार पाण्डेय, रितेश कुमार मिश्रा व अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वनों एवं वनोपज से संबंधित किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम वन कार्यालय अथवा वन विभाग को दें।