---Advertisement---

नया राशन कार्ड बने बीत गए 5 माह, पर दाने-दाने को मोहताज विधवा दिनों बाई: खाद्य विभाग से लगाई राशन आवंटन की गुहार

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर/भैयाथान- सूरजपुर जिले के भैयाथान जनपद अंतर्गत ग्राम राई से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहाँ एक बेसहारा विधवा महिला को नया अंत्योदय राशन कार्ड मिलने के पाँच महीने बीत जाने के बाद भी शासकीय राशन नसीब नहीं हो पा रहा है। कार्ड हाथ में होने के बावजूद राशन दुकान के चक्कर काट रही बुजुर्ग महिला अब व्यवस्था से उम्मीद लगाए खाद्य विभाग के दरवाजे तक पहुँची हैं।

ग्राम राई निवासी दिनों बाई (पति स्व. सोबित राम) के सिर से पति का साया उठने के बाद वे मजदूरी कर किसी तरह अपना पेट पाल रही हैं। अति गरीब श्रेणी में आने के कारण शासन की योजना के तहत उनका अंत्योदय राशन कार्ड क्रमांक 226486993600 स्वीकृत हुआ और जून 2026 में जनपद पंचायत भैयाथान से इसका प्रिंट भी उन्हें सौंप दिया गया। कार्ड हाथ में आने से उम्मीद जगी थी कि अब दो वक्त के भोजन की चिंता दूर होगी, लेकिन यह राहत सिर्फ कागजों तक ही सिमट कर रह गई।

दिनों बाई जब भी राशन लेने स्थानीय उचित मूल्य की दुकान पहुँचती हैं, तो वहाँ तकनीकी आवंटन न दिखने की बात कहकर उन्हें बैरंग लौटा दिया जाता है। विडंबना यह है कि उनके बाद बने अन्य राशन कार्डधारियों को नियमित रूप से खाद्यान्न मिलना शुरू हो चुका है, मगर दिनों बाई को पाँच माह बाद भी एक छटांक चावल या शक्कर नहीं मिल सका है।

हर महीने राशन से वंचित होने और बढ़ती लाचारी के बीच दिनों बाई ने जिला मुख्यालय सूरजपुर पहुँचकर खाद्य अधिकारी को लिखित आवेदन सौंपा है। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनके कार्ड का ऑनलाइन आवंटन जल्द से जल्द शुरू कराया जाए, ताकि उन्हें हर माह मिलने वाला चावल, शक्कर और चना मिल सके और वे सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर सकें।

अब देखना यह है कि प्रशासन इस बेसहारा महिला की पीड़ा को संज्ञान में लेकर कितनी जल्दी तकनीकी अड़चनों को दूर करता है।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment