विधायक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर खेलों के माध्यम से करियर बनाने का दिया संदेश
सूरजपुर- विकासखंड रामानुजनगर में 6 से 9 अक्टूबर 2026 तक आयोजित चार दिवसीय सरगुजा ओलंपिक खेल प्रतियोगिता का समापन 9 अक्टूबर को प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। ओलंपिक में महिला एवं पुरुष वर्ग के 14 से 17 वर्ष तथा 17 वर्ष से अधिक आयु के सीनियर एवं जूनियर खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कुल 939 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल का परिचय दिया।उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। एवं प्रतिभागियों को स्मृति स्वरूप पौधे भेंट किया।
प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक व्यायाम का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है। खेलों के माध्यम से युवा अपने भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं तथा मेहनत और लगन के बल पर खेल के क्षेत्र में बेहतर करियर बना सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने, अपनी प्रतिभा को निखारने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
22 खेल विधाओं में आयोजित हुई प्रतियोगिताएं
चार दिनों तक चले सरगुजा ओलंपिक में फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी, बैडमिंटन, कुश्ती, कराटे, तीरंदाजी, ऊंची कूद, लंबी कूद, भाला फेंक, तवा फेंक, गोला फेंक, रस्साकशी, रिले रेस सहित 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी खेलों में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
उल्लेखनीय है कि सरगुजा ओलंपिक के माध्यम से शेत्र के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिला। चार दिनों तक चले इस आयोजन ने युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी सहयोग और खेल भावना का संदेश दिया।