युवाओं सहित सभी नागरिकों से सहभागिता की अपील, क्यूआर कोड से कर सकेंगे पंजीयन
विजेता प्रतिभागियों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
सूरजपुर- स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने, सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता लाने और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से 13 अक्टूबर को सूरजपुर की सड़कों पर उत्साह, ऊर्जा और जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। जिला प्रशासन द्वारा मैराथन के माध्यम से नागरिकों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करने के साथ ही सड़क सुरक्षा के नियमों के पालन, यातायात अनुशासन और सुरक्षित आवागमन के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। इसके साथ ही बाइक रैली का भी आयोजन किया जायेगा।
मैराथन में विजेता प्रतिभागियों के लिए प्रोत्साहन राशि भी निर्धारित की गई है, जिसके अंतर्गत प्रथम पुरस्कार 5,100 रूपये द्वितीय पुरस्कार 3,100 रूपये तथा तृतीय पुरस्कार 2,100 रुपए के साथ हेलमेट भी प्रदान किया जाएगा।
मैराथन का आयोजन 13 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8ः00 बजे से 11ः30 बजे तक किया जाएगा। मैराथन राजमोहनी माता चौक से प्रारंभ होकर साधुराम सेवाकुंज तक आयोजित होगी। इसमें जिले के युवा, विद्यार्थी, महिलाएं सहित विभिन्न आयु वर्ग के नागरिक अपनी सहभागिता कर सकेंगे। मैराथन में शामिल होने के इच्छुक नागरिक निर्धारित क्यू कोड को स्कैन कर अथवा Google Form https://docs.google.com/forms/d/1Rmx130cDWcOgoDH-670sH_vFx3EoQH0VLoPvJjz_TOQ/edit के माध्यम से अपना पंजीयन कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने जिले के समस्त युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, खेलप्रेमियों एवं आम नागरिकों से सूरजपुर मैराथन 2026 में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। प्रशासन ने नागरिकों से आह्वान किया है कि वे इस आयोजन का हिस्सा बनकर स्वस्थ, जागरूक एवं सुरक्षित सूरजपुर के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाएं। दौड़ेगा सूरजपुर, जीतेगा सूरजपुर के प्रेरक संदेश के साथ मैराथन स्वास्थ्य के प्रति सजगता, सड़क सुरक्षा और जनभागीदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी।