फसल विविधीकरण पर पात्र किसानों को मिलेगी आदान सहायता,लाभ लेने किसान 31 अक्टूबर तक कराएं पंजीयन
सूरजपुर- कलेक्टर रेना जमील ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे कृषक उन्नति योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना पंजीयन अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि योजना के तहत किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। वर्तमान में एकीकृत किसान पोर्टल पर सहकारी समितियों के माध्यम से पंजीयन की प्रक्रिया जारी है, जिसकी अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। कलेक्टर ने किसानों से अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना संबंधित सहकारी समिति में पहुंचकर पंजीयन कराने तथा आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूर्ण करने का आग्रह किया है, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने एवं किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से कृषक उन्नति योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले पात्र किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ तथा धान के बदले दलहन एवं तिलहन की फसल लेने वाले पात्र किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता प्रदान करने का प्रावधान है।
कलेक्टर जमील ने किसानों से शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की है।