---Advertisement---

सूरजपुर में 60 फीट ऊंचे रावण, कुम्भकर्ण, मेघनाथ के पुतलों का होगा दहन

Follow Us
Spread the love

अग्रसेन भवन से निकलेगी विशाल शोभायात्रा

अग्रसेन स्टेडियम में दशहरा महोत्सव का भव्य आयोजन

मेरठ की प्रसिद्ध झांकी रहेगी आकर्षण का केंद्र

सूरजपुर-असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक विजयादशमी पर्व सूरजपुर में इस वर्ष भी पारंपरिक उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। शहर में दशहरा महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सूरजपुर सेवा समिति के आयोजन तथा शहर की समस्त दुर्गा पूजा समितियों की अगुवाई में इस वर्ष भी परंपरानुसार 20 अक्टूबर मंगलवार को अग्रसेन स्टेडियम में भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में परंपरानुरूप 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा। वहीं कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतलों का दहन भी किया जाएगा। धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक कार्यक्रमों से सजी इस शाम को यादगार बनाने के लिए आयोजक जुटे हुए हैं।

दशहरा महोत्सव के अंतर्गत आज 20 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे श्री अग्रसेन भवन से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां और धार्मिक प्रस्तुतियां उत्सव की छटा बिखेरेंगी। जो भैयाथान रोड, मेन रोड, नवापारा, केतका रोड होते हुए स्टेडियम पहुँचेगी।

आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और शहरवासियों में उत्साह का माहौल है। वहीं 20 अक्टूबर को अग्रसेन स्टेडियम में मुख्य आयोजन के दौरान राम दरबार की झांकी का मंचन, पूजा-अर्चना, मेरठ की प्रसिद्ध झांकी, राम-रावण संवाद एवं मंचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, धार्मिक भजन संध्या और भव्य आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

दशहरा महोत्सव में भगवान श्रीराम और रावण के बीच संवाद एवं युद्ध का मंचन किया जाएगा। इसके साथ ही शिव महिमा, शिव तांडव, शिव विवाह की विशेष प्रस्तुति भी दी जाएगी। आयोजन में 11 फीट ऊंचाई वाले गुरिल्ला की झांकी सहित विभिन्न आकर्षक झांकियां दर्शकों को आकर्षित करेंगी। धार्मिक भजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच रावण, कुंभकर्ण एवं मेघनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा।

सूरजपुर सेवा समिति के अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल एवं सचिव रामकृष्ण ओझा ने बताया कि दशहरा महोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। शहर की समस्त दुर्गा पूजा समितियों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।

महोत्सव में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह, कलेक्टर रेना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, डीएफओ विपुल अग्रवाल तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बिजेंद्र सिंह पाटले अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

सूरजपुर सेवा समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे परिवार सहित दशहरा महोत्सव में शामिल होकर इस पारंपरिक पर्व की भव्यता के साक्षी बनें और बुराई पर अच्छाई की विजय के संदेश को आत्मसात करें।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment