कोरिया। देश की सुरक्षा, शांति और जनसेवा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिस शहीदों की स्मृति में आज रक्षित केंद्र मैदान, बैकुंठपुर में “पुलिस स्मृति दिवस 2026” का आयोजन अत्यंत श्रद्धा एवं अनुशासनपूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह में पुलिस बल के जवानों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने गहरी भावनाओं के साथ शहीदों को नमन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 08:45 बजे हुआ तथा सम्पूर्ण परेड का संचालन रक्षित निरीक्षक नितीश आर. नायर द्वारा किया गया, जिन्होंने शहीद परेड एवं शोक शस्त्र की कार्यवाही का निर्देशन करते हुए श्रद्धांजलि समारोह को अनुशासित ढंग से सम्पन्न कराया।
शहीद स्मृति दिवस परेड में पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर के द्वारा शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए ।
इस अवसर पर विधायक भैयालाल रजवाड़े, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अध्यक्ष नजीर अजहर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, उप पुलिस अधीक्षकगण आशा सेन, मोहसीन खान, रक्षित निरीक्षक नीतीश आर. नायर, तथा जिले के सभी थाना/चौकी प्रभारी, अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकारगण एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की प्रमुख कार्यवाहियों के क्रम में प्रातः 09:00 बजे पुलिस अधीक्षक कोरिया का आगमन हुआ, जिनको परेड द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दी गई। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक कोरिया ने पोडियम पर स्थान ग्रहण किया। पॉल बेयरर पार्टी द्वारा शहीदों के नामों की सूची पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई, जिसके उपरांत हरीश राठौर ने बीते वर्ष शहीद हुए अमर शहीदों के नामों का वाचन करते हुए उन्हें नमन किया। सूची को तत्पश्चात सम्मानपूर्वक शहीद स्मारक स्थल पर रखा गया, जहां उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं नागरिकों ने मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात शोक शस्त्र, सलामी और पुनः सलामी की कार्यवाही सम्पन्न हुई। कार्यक्रम के दौरान विधायक भईया लाल राजवाड़े, कलेक्टर रोक्तिमा यादव एवं पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र (रीथ) चढ़ाकर शहीदों के प्रति अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तत्पश्चात शहीद परिवारजनों का सम्मान किया गया।
पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने जानकारी देते हुए कहा कि — “कर्तव्य का निर्वहन करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिस के अमर शहीदों को आज हम नमन करते हैं। वर्ष 1959 में लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र में मातृभूमि की रक्षा हेतु शहीद हुए हमारे वीर साथियों की स्मृति में ही प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को यह दिवस मनाया जाता है। देश की आज़ादी के बाद से अब तक अनगिनत पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र की अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए हैं। बीते वर्ष में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कर्तव्य पथ पर बलिदान हुए हैं, जिनकी स्मृति में यह श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जाता है।”
कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, गरिमा और श्रद्धा का उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला, जिसने सभी उपस्थित जनों के हृदय में शहीदों के प्रति गर्व और कृतज्ञता की भावना को और प्रगाढ़ किया।






















