मुख्य अतिथि लक्ष्मी राजवाड़े एवं विशिष्ट अतिथि विधायक भूलन सिंह मरावी सहित जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की रही उपस्थिति
सूरजपुर। नगर में सूरजपुर सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं धार्मिक उत्साह के साथ किया गया। महोत्सव में बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक स्वरूप रावण, कुंभकर्ण एवं मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया गया। पुतलों के दहन के साथ ही उपस्थित जनसमूह ने भगवान श्रीराम के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लक्ष्मी राजवाड़े उपस्थित रहीं। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी शामिल हुए। कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े भाजपा ज़िलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी कांग्रेस जिला अध्यक्ष शशि सिंह कलेक्टर रेना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बृजेन्द्र पाटले की गरिमामयी उपस्थिति रही।
महोत्सव का आयोजन सूरजपुर सेवा समिति के अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल एवं सचिव रामकृष्ण ओझा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन मुकेश गर्ग ने किया। आभार प्रदर्शन नपा उपाध्यक्ष शैलेश गोयल ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि लक्ष्मी राजवाड़े ने दशहरा पर्व सामाजिक धार्मिक सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम का जीवन आदर्श, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए। उन्होंने समाज की एकता पर जोर देते हुए लोगो से सदैव एक जुट रहने की प्रेरणा दी।
अतिविशिष्ट अतिथि प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि दशहरा केवल रावण के पुतले के दहन का पर्व नहीं है, बल्कि यह हमारे भीतर मौजूद अहंकार, क्रोध, लोभ और बुराइयों को समाप्त करने का भी संदेश देता है। उन्होंने सामाजिक एकता, भाईचारे और क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को बनाए रखने का आह्वान किया।
कलेक्टर रेना जमील ने दशहरा पर्व को भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक बताते हुए आपसी सद्भाव, सामाजिक समरसता और जिम्मेदार नागरिकता के महत्व पर बल दिया।सामाजिक सहभागिता एवं सामूहिक प्रयासों से क्षेत्र के विकास को गति देने का संदेश दिया।
नपा अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े ने पर्व के अवसर पर शांति, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के महत्व को रेखांकित करते हुए नागरिकों से आपसी सहयोग और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया।
रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन
अतिथियों की उपस्थिति में राम रावण युद्ध के मंचन के बाद विशालकाय रावण, कुंभकर्ण एवं मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया।
इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए। पुतला दहन के साथ ही बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश जन-जन तक पहुंचा। महोत्सव में नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और पर्व की खुशियां साझा कीं।रावण, कुंभकर्ण एवं मेघनाद के पुतलों का दहन बुराई, अहंकार और अधर्म के अंत का प्रतीक रहा। जिले में नशा मुक्त समाज अपराध मुक्त समाज का भी दहन किया गया।
इस अवसर पर भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करने तथा सत्य, धर्म, मर्यादा और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में नगर की सभी दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों सहित विभिन्न समाज के प्रमुख पार्षद गण मंचासीन रहे।
सूरजपुर सेवा समिति द्वारा आयोजित दशहरा महोत्सव ने नगर की सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत करते हुए लोगों में उत्साह, सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का संचार किया। आयोजन की सफलता में समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
शोभा यात्रा में विशाल झांकी का प्रदर्शन हुआ
दशहरा महोत्सव में अग्रसेन भवन से शोभायात्रा निकाली गई जिसमें बाहर से आए कलाकारों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गई। शोभा यात्रा में विधायक भूलन सिंह समिति के अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल सहित पदाधिकारी नगर वासी उपस्थित थे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सदस्य नगर के सभी दुर्गा पूजा समिति के सदस्य पार्षद गण सहित नगर वासी सक्रिय थे।