सूरजपुर- छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ सूरजपुर जिला इकाई द्वारा जिले के शासकीय अस्पतालों में कार्यरत जीवन दीप समिति एवं डीएमएफ कर्मचारियों के बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकार डॉ. प्रशांत सिंह को ज्ञापन सौंपा गया।
संघ के जिला संयोजक एवं अध्यक्ष (प्रकोष्ठ) डॉ. निलेश कुमार साहू के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जिले के शासकीय चिकित्सालयों में जीवन दीप समिति एवं डीएमएफ मद के तहत डेटा एंट्री व कंप्यूटर ऑपरेटर, आयुष्मान ऑपरेटर, फार्मासिस्ट, ड्रेसर, धोबी, चौकीदार, वार्ड बॉय/आया, सफाई कर्मी सहित विभिन्न संवर्गों में कर्मचारी विगत कई वर्षों से पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। शासकीय अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित रखने में इन कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहता है।
ज्ञापन में अवगत कराया गया कि जिले में पदस्थ कई कर्मचारियों को विगत कई माह से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। बेहद अल्प मानदेय मिलने के बावजूद समय पर वेतन न मिलने से कर्मचारियों को गंभीर आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है, जो उनके शोषण के समान है।
त्योहार के अवसर को ध्यान में रखते हुए संघ ने मांग की है कि सूरजपुर जिले के समस्त शासकीय अस्पतालों में जीवन दीप समिति व डीएमएफ के अंतर्गत कार्यरत समस्त कर्मचारियों का अक्टूबर माह तक का लंबित वेतन दीपावली से पूर्व अनिवार्य रूप से भुगतान किया जाए, ताकि वे अपने परिवारों के साथ सुखपूर्वक पर्व मना सकें।