5 शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग, शिवसेना ने सौंपा ज्ञापन
सूरजपुर- जिले के प्रेमनगर विकासखंड अंतर्गत वर्ष 2007 एवं 2008 में हुई शिक्षाकर्मी वर्ग-3 की भर्ती प्रक्रिया में कथित विसंगतियों को लेकर शिवसेना (महिला सेना) की जिलाध्यक्ष बालकुंवर राजवाड़े के नेतृत्व में जनपद पंचायत प्रेमनगर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं थाना प्रभारी प्रेमनगर को संयुक्त शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। सौंपे गए ज्ञापन में अभ्यर्थी संगीता के मूल प्राप्तांक प्रतिशत 58.20 होने के बावजूद अंतिम चयन सूची में अधिक (76.62%) अंक दर्शाए जाने, विजय कुमार के अनुभव प्रमाण पत्र, कोलोर्डिया तिर्की व शबनम खातून के वर्ष 2008 की नियुक्ति में डीएड दर्शाने के बावजूद वर्ष 2013 में परीक्षा में सम्मिलित होने संबंधी अभिलेखों तथा देवनारायण सिंह के अन्य राज्य के डीएड प्रमाण पत्र व आयु सीमा संबंधी नियमों के कथित उल्लंघन की जांच कराने का आग्रह किया गया है।
शिकायतकर्ताओं ने पूर्व में सक्षम अधिकारियों को अवगत कराए जाने के बाद भी ठोस कार्रवाई न होने का दावा करते हुए अंकसूचियों, चयन सूचियों व संबंधित अभिलेखों की प्रतियां संलग्न कर चयन समितियों एवं संलिप्त पाए जाने वालों पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की मांग की है; वहीं संगठन का कहना है कि यह शिकायत प्रस्तुत दस्तावेजों व तथ्यों पर आधारित है और संबंधित शिक्षकों व प्रशासन की अधिकृत जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
इस दौरान ज्ञापन सौंपते समय आजर देवांगन, अशोक कुमार ठाकुर, अमरावती राजवाड़े, शिवचरण दास महंत, लक्षण सिंह, हेमंत कुमार महंत, रामकुमार यादव, संतोष गोयन और प्रभा सिंह सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।