सूरजपुर/ओडगी- बीते मंगलवार को बैजनाथपुर मार्केट के समीप हुए एक सड़क हादसे (RTA) में 108 संजीवनी एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों की तत्परता और सूझबूझ से घायल व्यक्ति को समय पर उपचार मिल सका।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर 1:40 बजे 108 आपातकालीन सेवा को बैजनाथपुर मार्केट के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। कॉल मिलते ही बिना समय गंवाए पायलट राजेश कुमार यादव और ईएमटी विजय गौतम घटनास्थल के लिए रवाना हुए और तत्काल मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल पर पहुंचते ही टीम ने घायल को सुरक्षित एंबुलेंस में शिफ्ट किया। घायल की स्थिति को देखते हुए ईएमटी विजय गौतम ने तुरंत प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) शुरू किया। इसके साथ ही ईआरसीपी (ERCP) के माध्यम से डॉक्टर से तत्काल संपर्क कर चिकित्सीय परामर्श लिया गया। डॉक्टर के निर्देशानुसार मरीज को ऑक्सीजन सपोर्ट दिया गया और आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयां व इंजेक्शन उपलब्ध कराए गए।
रास्ते भर प्राथमिक उपचार देते हुए 108 कर्मियों ने घायल को ओडगी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार जारी है। आपातकालीन टीम के इस त्वरित कदम की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।