सूरजपुर/भैयाथान- सलका-अधिना मुख्य मार्ग पर लोक निर्माण विभाग की कथित लापरवाही के कारण भारी मात्रा में उड़ रही धूल से त्रस्त ग्रामीणों और व्यापारियों की समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों ने कड़ा रुख अपनाया है। जनपद सदस्य दुलारी देवी एवं जनपद पंचायत भैयाथान के पूर्व सभापति (निर्माण समिति) अभय प्रताप सिंह ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भैयाथान के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर 7 दिनों के भीतर समस्या के समाधान की मांग की है। तय समय सीमा में कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों के साथ मिलकर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम करने की चेतावनी दी गई है।
एसडीएम के नाम प्रेषित ज्ञापन में अवगत कराया गया है कि ग्राम पंचायत सलका-अधिना मुख्य मार्ग पर बरसात से पहले विभाग द्वारा डस्ट (गिट्टी चूरा) डालकर छोड़ दिया गया था। बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद अब वाहनों की आवाजाही से सड़क पर लगातार धूल का भारी गुबार उड़ रहा है। इसके चलते राहगीरों और वाहन चालकों का निकलना दूभर हो गया है, वहीं सड़क किनारे स्थित दुकानों व घरों में धूल की परतें जमने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
स्वास्थ्य पर पड़ रहा विपरीत असर, पूर्व में भी की गई थी शिकायत
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि चौबीसों घंटे उड़ती धूल के कारण स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और राहगीरों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है तथा लोग सांस व एलर्जी से जुड़ी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि इस गंभीर समस्या को लेकर पूर्व में भी पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई सुध नहीं ली गई, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम
जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि मार्ग पर नियमित पानी का छिड़काव अथवा पक्की मरम्मत कराकर लोगों को शीघ्र राहत दिलाई जाए। ज्ञापन के माध्यम से स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि सात दिनों के भीतर समस्या का स्थायी निराकरण नहीं किया गया, तो क्षेत्रवासी सलका-अधिना मुख्य मार्ग पर चक्काजाम आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।