विगत वर्षों की बकाया मजदूरी भुगतान की मांग, समाधान न होने पर सड़क पर उतरने की दी चेतावनी
सूरजपुर/प्रतापपुर- विकासखंड प्रतापपुर अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित दवनकरा धान उपार्जन केंद्र में हमाली भुगतान को लेकर किसानों एवं श्रमिकों में भारी असंतोष देखा जा रहा है। किसानों ने सामूहिक रूप से अपनी समस्या सामने रखते हुए आरोप लगाया है कि धान खरीदी के दौरान धान की तौल, सिलाई, बोरी पल्लेदारी और स्टेकिंग का कार्य करने के बावजूद उन्हें अब तक उनकी मेहनत का पूरा पारिश्रमिक नहीं मिल पाया है।
किसानों के अनुसार, समिति प्रबंधन द्वारा पूर्व में हमाली की राशि सीधे बैंक खातों में अंतरित करने की बात कही गई थी, लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी खातों में राशि जमा नहीं हुई। किसानों का कहना है कि जब उन्होंने उपार्जन केंद्र में दिन-रात लगकर कार्य किया है, तो उनके पारिश्रमिक की राशि किन कारणों से रोकी गई है, यह स्पष्ट नहीं किया जा रहा है।
अभिलेखों की जांच कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग
प्रभावित किसानों व श्रमिकों ने संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि धान खरीदी केंद्र के हमाली भुगतान संबंधी अभिलेखों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। किस किसान/श्रमिक का कितना भुगतान शेष है, शासन स्तर से राशि जारी हुई है या नहीं, इसकी पूरी स्थिति सार्वजनिक की जाए और पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में अविलंब भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
भुगतान न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी बकाया हमाली राशि का शीघ्र भुगतान नहीं किया गया, तो वे सड़क पर उतरकर चक्काजाम और धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
नोट: इस संबंध में समिति प्रबंधन का पक्ष आने पर उसे भी प्रमुखता से शामिल किया जाएगा।