जिले के 99,424 किसानों के खातों में 24.10 करोड़ रुपये की राशि अंतरित
किसानों को कृषि कार्यों के लिए मिल रहा आर्थिक संबल
सूरजपुर- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24 वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर सूरजपुर जिले के 99,424 पात्र किसानों के बैंक खातों में कुल 24.10 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई। योजना के माध्यम से किसानों को कृषि कार्यों के लिए आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण किसान हितैषी योजनाओं में से एक है, जिसके अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। राशि तीन समान किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित की जाती है।
योजना के तहत प्राप्त आर्थिक सहायता से किसानों को बीज, खाद एवं अन्य कृषि आदान सामग्री की खरीदी के साथ-साथ खेती-किसानी से जुड़े आवश्यक कार्यों में सहयोग मिल रहा है। इससे किसानों को कृषि संबंधी जरूरतों की पूर्ति करने में आर्थिक संबल प्राप्त हो रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने से जिले के लाभान्वित किसानों में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण है।