सूरजपुर/ओड़गी- ओड़गी विकासखंड के ग्राम बेदमी में शाम के समय भालू के हमले से एक 70 वर्षीय वृद्धा गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची 108 संजीवनी एक्सप्रेस की टीम ने त्वरित तत्परता दिखाते हुए वृद्धा को सुरक्षित रेस्क्यू किया और प्राथमिक उपचार देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ओड़गी में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है और वे खतरे से बाहर बताई जा रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बेदमी निवासी 70 वर्षीय इंदरकुंवर शाम करीब 5:00 बजे अपने दैनिक कार्य में थीं, तभी अचानक जंगली भालू ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल शाम 5:08 बजे 108 आपातकालीन सेवा को कॉल कर मदद मांगी।
सूचना मिलते ही बिना देर किए मौके पर पहुंची 108 टीम
इमरजेंसी कॉल मिलते ही ड्यूटी पर तैनात ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल तकनीशियन) विजय गौतम और पायलट सूरज प्रसाद देवांगन ने स्थिति की गंभीरता को समझा और बिना एक पल गंवाए एंबुलेंस लेकर ग्राम बेदमी के लिए रवाना हो गए। घटनास्थल पर पहुंचकर टीम ने घायल वृद्धा को तत्काल एंबुलेंस में सुरक्षित शिफ्ट किया।
चलती एंबुलेंस में ईआरसीपी डॉक्टर के मार्गदर्शन में मिला उपचार
ईएमटी विजय गौतम ने तत्काल ईआरसीपी डॉ. सरस्वती से ऑनलाइन संपर्क साधा और उनके चिकित्सीय मार्गदर्शन में घायल वृद्धा के घावों की ड्रेसिंग कर जरूरी प्राथमिक जीवन रक्षक उपचार शुरू किया। पायलट सूरज प्रसाद देवांगन ने सतर्कतापूर्वक वाहन चलाते हुए मरीज को बिना समय गंवाए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी पहुंचाया।
सीएचसी ओड़गी में डॉक्टरों की निगरानी में वृद्धा का उपचार जारी है और समय पर मिले प्राथमिक उपचार की बदौलत उनकी हालत अब स्थिर एवं खतरे से बाहर है।
108 जिला प्रबंधक अभय के कुशल मार्गदर्शन में आपातकालीन टीम द्वारा दिखाई गई इस मुस्तैदी और मानवीय सेवा भावना की परिजनों और ग्रामीणों ने सराहना की है।