सूरजपुर। अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे पटवारियों को जिला कांग्रेस कमेटी का समर्थन मिला है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह एवं जिला महामंत्री संजय डोसी ने हाईटेक बस स्टैंड सूरजपुर पहुंचकर धरनारत पटवारियों से मुलाकात की और उनके आंदोलन को समर्थन देते हुए उनकी मांगों के प्रति एकजुटता जाहिर की।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने पटवारियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं मांगों की जानकारी ली। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने कहा कि पटवारी राजस्व व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आम नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने में उनकी अहम भूमिका होती है। ऐसे में उनकी समस्याओं और मांगों पर शासन-प्रशासन को गंभीरता से विचार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे पटवारियों के साथ कांग्रेस पार्टी खड़ी है। उनकी समस्याओं का निराकरण संवाद और सकारात्मक पहल के माध्यम से किया जाना चाहिए, ताकि आंदोलन का समाधान निकल सके और आम जनता को भी राजस्व संबंधी कार्यों में परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर महामंत्री संजय डोसी ने भी पटवारियों के आंदोलन के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए उनकी मांगों पर शासन से संवेदनशीलता के साथ विचार करने की अपेक्षा जताई। कांग्रेस नेताओं ने आंदोलनरत पटवारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी आवाज को बुलंद करने में पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी। इस दौरान बढ़ी संख्या में आंदोलनरत पटवारी व संघ के पदाधिकारी उपस्थित थे। पटवारी संघ ने अपनी मांगों का पत्र जिलाध्यक्ष को भी प्रदान कर मांगो से अवगत कराया।

















