---Advertisement---

108 संजीवनी एक्सप्रेस में गूंजी किलकारी: बकीपुर की प्रसूता का एंबुलेंस में सुरक्षित प्रसव, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ

Follow Us
Spread the love

प्रसव पीड़ा से तड़प रही 19 वर्षीय प्रसूता के लिए फरिश्ता बनी 108 की टीम, मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में कराया गया भर्ती

अंबिकापुर- ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में गंभीर मरीजों व गर्भवती महिलाओं के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही 108 संजीवनी एक्सप्रेस आपातकालीन सेवा ने एक बार फिर त्वरित तत्परता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। बीते शुक्रवार (6 नवंबर) को विकासखंड अंतर्गत ग्राम बकीपुर निवासी एक गर्भवती महिला को तेज प्रसव पीड़ा होने पर 108 एंबुलेंस में ही सूझबूझ के साथ सुरक्षित प्रसव कराया गया। जच्चा और नवजात शिशु दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बकीपुर निवासी 19 वर्षीय रबीना तिर्की (पति- राज तिर्की) को शुक्रवार की सुबह अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हुई। बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाले परिजनों ने स्थिति गंभीर देख तत्काल 108 आपातकालीन सेवा से संपर्क कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही 108 संजीवनी एक्सप्रेस वाहन बिना समय गंवाए सीधे मरीज के घर पहुंचा।

मरीज को वाहन में शिफ्ट कर मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर के लिए रवाना किया ही जा रहा था कि घर के समीप ही प्रसूता का दर्द अत्यधिक बढ़ गया और डिलीवरी की स्थिति बन गई। परिस्थिति की नजाकत को देखते हुए एंबुलेंस में तैनात ईएमटी संगीता देवांगन एवं पायलट राजेन्द्र मिंज ने सूझबूझ का परिचय दिया। ईएमटी ने ईआरसीपी (ERCP) के जरिए डॉक्टरों से ऑनलाइन चिकित्सकीय परामर्श लेते हुए एंबुलेंस के भीतर ही सुरक्षित व सामान्य प्रसव संपन्न कराया। सुबह बच्चे की रोने की आवाज गूंजते ही परिजनों के चेहरे पर राहत और खुशी की लहर दौड़ गई।

सुरक्षित प्रसव के उपरांत प्राथमिक उपचार देते हुए जच्चा और नवजात दोनों को बेहतर देखभाल के लिए तत्काल शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में दोनों सुरक्षित हैं।

परिजनों ने भावुक होते हुए कहा कि आर्थिक तंगी के बीच अचानक आई इस परिस्थिति में वे असहाय महसूस कर रहे थे, लेकिन समय पर पहुंची 108 संजीवनी एक्सप्रेस उनके लिए भगवान का रूप बनकर आई। उन्होंने पूरी टीम का आभार जताया।

उल्लेखनीय है कि ईएमई राकेश सतूवंशी एवं पीएम शैलेश इंदौरिया के मार्गदर्शन में 108 आपातकालीन सेवा का संचालन पूरी मुस्तैदी और संवेदनशीलता के साथ किया जा रहा है, जिससे संभाग में जरूरतमंदों को त्वरित जीवनरक्षक स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिल रहा है।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment