---Advertisement---

जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव में दिखी संस्कृति, परंपरा और अस्मिता की अनुपम झलक

Follow Us
Spread the love

पारंपरिक लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों से सराबोर हुआ अग्रसेन स्टेडियम

जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोकपरंपराओं का दिखा अद्भुत संगम

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लोकनृत्य दल हुए पुरस्कृत

सूरजपुर- जिले के अग्रसेन स्टेडियम ग्राउंड में जिला स्तरीय उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव एवं शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोककला महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव में जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक लोककला, रीति-रिवाजों एवं जीवन मूल्यों का अद्भुत संगम देखने को मिला। मांदर और नगाड़ों की थाप पर पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समूचे वातावरण को सांस्कृतिक उल्लास और उत्सवी रंगों से सराबोर कर दिया।

महोत्सव में सभी विकासखंड से पहुंचे जनजातीय लोकनृत्य दलों ने पारंपरिक कर्मा नृत्य एवं आदिवासी लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। लोकवाद्यों की मधुर धुन, नृत्य की लयबद्धता और कलाकारों के उत्साहपूर्ण प्रदर्शन ने जनजातीय संस्कृति की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे कलाकारों की सामूहिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में जनजातीय कलाकारों, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।

उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता में विकासखंड प्रेमनगर के ग्राम पंचायत बकालो के पारंपरिक कर्मा दल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विकासखंड सूरजपुर के जय मां शीतला कर्मा दल को द्वितीय तथा विकासखंड रामानुजनगर के ग्राम पंचायत अर्जुनपुर के आदिवासी लोक निरंजनी कर्मा दल को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

इसी प्रकार अन्य शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति आदिवासी लोक कला महोत्सव श्रेणी में विकासखंड रामानुजनगर के ग्राम पंचायत मांजा के ममता कर्मा दल ने प्रथम, विकासखंड ओड़गी के ग्राम पंचायत लांजित के उज्ज्वल कर्मा दल ने द्वितीय तथा विकासखंड भैयाथान के ग्राम पंचायत खोपा के देवपुत्र कर्मा दल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता दलों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त घनश्याम सिंह, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक आलोक भवाल, सहायक संचालक मत्स्य, एम.एस.सोनवानी व जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग शुभम बंसल सहित अन्य उपस्थित रहे।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment