15 नवंबर को धरमजयगढ़ (रायगढ़) में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होंगे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन
मोदी सरकार ने जनजातीय समाज को दिया सम्मान, बजट में 231% की ऐतिहासिक वृद्धि और देश को मिली पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति
विपक्ष ने दशकों तक जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक समझा, 31 मार्च 2026 को देश के जनजातीय जिले हुए पूर्णतः नक्सल मुक्त
सूरजपुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी पूरे देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले, विधानसभा और मंडल स्तर पर 11 से 18 नवंबर 2026 तक ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ मना रही है। इस भव्य अभियान की जानकारी देने हेतु आज जिला भाजपा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया, जिसे पूर्व सांसद कमल भान सिंह ने संबोधित किया।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद कमल भान सिंह ने बताया कि आगामी 15 नवंबर 2026 को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में प्रदेश स्तरीय भव्य समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मार्गदर्शन में भाजपा जनजातीय समाज के स्वाभिमान, संस्कृति और सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है।
जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास और मोदी सरकार का संकल्प:
पूर्व सांसद कमल भान सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ‘उलगुलान’ का नेतृत्व कर ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ का नारा दिया और मात्र 25 वर्ष की आयु में देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। 1857 की क्रांति से भी सौ वर्ष पूर्व तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, शहीद वीर नारायण सिंह, रानी दुर्गावती और गोविंद गुरु जैसे हजारों जनजातीय नायकों ने स्वतंत्रता संग्राम में अद्वितीय बलिदान दिया।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने पहली बार अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय बनाया और छत्तीसगढ़ व झारखंड जैसे राज्यों का गठन किया। आज मोदी सरकार के नेतृत्व में जनजातीय गौरव को नई ऊंचाइयां मिली हैं:
ऐतिहासिक सम्मान: वर्ष 2021 में 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित किया गया और 2022 में श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी देश की पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति बनीं। छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज का सशक्तिकरण हो रहा है।
बजट और योजनाओं में क्रांति:
जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 2014-15 के ₹4,497.96 करोड़ से बढ़कर 2025-26 में ₹14,926 करोड़ (231% वृद्धि) हो गया है। ‘पीएम जनमन’ (₹24,104 करोड़) और ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ (₹79,156 करोड़) के माध्यम से 63,000 गांवों तक 17 मंत्रालयों की योजनाएं पहुंच रही हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आजीविका: देश में 728 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का लक्ष्य रखा गया है। सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन (लक्ष्य 2047) और आयुष्मान भारत से ₹5 लाख तक का निःशुल्क उपचार मिल रहा है। 3,958 वन धन विकास केंद्रों और वनोपज पर बढ़े हुए न्यूनतम समर्थन मूल्य से जनजातीय परिवार ‘लखपति दीदी’ और उद्यमी बन रहे हैं
विपक्ष के भ्रम और षड्यंत्रों पर प्रहार:
विपक्ष पर निशाना साधते हुए पूर्व सांसद कमलभान सिंह ने कहा कि 55 वर्षों तक शासन करने वाली कांग्रेस ने जनजातीय नायकों को इतिहास के हाशिये पर रखा और समाज को केवल वोट बैंक समझा। विपक्ष आज भी ‘संविधान और आरक्षण खत्म होने’ या ‘यूसीसी (UCC) से परंपराएं समाप्त होने’ का झूठा भय फैला रहा है, जबकि मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर में पहली बार ST आरक्षण लागू किया और UCC से अनुसूचित जनजातियों को बाहर रखा है।
विपक्ष के शासन में पनपे नक्सलवाद ने जनजातीय क्षेत्रों को स्कूल, सड़क और अस्पताल से वंचित रखा, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति से 31 मार्च 2026 को देश के जनजातीय जिले पूर्ण रूप से नक्सल मुक्त हो चुके हैं और अब वहां विकास की नई धारा बह रही है।
जिले में होने वाले आगामी कार्यक्रम:
जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत सूरजपुर जिले में भी विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं 14 नवंबर को जिले के सभी जनजातीय महापुरुषों के स्मारकों व मूर्तियों की स्वच्छता एवं दीपोत्सव 15 नवंबर को जिला स्तर पर प्रतिमा एवं प्रत्येक मंडल स्तर पर भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि।16 से 18 नवंबर तक विधानसभा क्षेत्रों में ‘युवा संवाद’ और ‘जनजातीय छात्रावास संपर्क अभियान’, जिसके तहत कार्यकर्ता छात्रावासों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उन्हें जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। इसके साथ ही स्वाभिमान सम्मेलन, शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनजातीय नायकों के परिजनों का अभिनंदन किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता के अंत में पूर्व सांसद कमल भान सिंह ने जिले के सभी नागरिकों से 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा व क्षेत्रीय जनजातीय नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा विकसित भारत 2047 के संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान किया।इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी जिला उपाध्यक्ष संत सिंह जिला कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल जिला प्रवक्ता मुकेश गर्ग जिला मंत्री राजेश्वर तिवारी जिला अध्यक्ष अजजा मोर्चा अजय श्याम सहित भाजपा पदाधिकारी उपस्थित थे।
















