बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां, बाल दिवस पर उपहार भेंट कर बढ़ाया उत्साह
सूरजपुर- बाल दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में उत्साह और उमंग के साथ विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान कहीं न्योता भोज के माध्यम से बच्चों के साथ खुशियां साझा की गईं, तो कहीं बाल मेला आयोजित कर उनकी रचनात्मकता और प्रतिभा को मंच प्रदान किया गया।
जिले के विभिन्न विद्यालयों में न्योता भोज ,बाल मेला का आयोजन किया गया। बाल मेले में बच्चों ने विभिन्न व्यंजनों के माध्यम से सीखने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का आनंद लिया।
विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उत्सव को यादगार बनाया। इस अवसर पर बच्चों को उपहार स्वरूप कॉपी, पेन एवं मिष्ठान वितरित कर बाल दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। शिक्षकों ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन परिचय, बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह तथा बाल दिवस के महत्व की जानकारी भी साझा की गई और उनकी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सहभागिता को प्रोत्साहित किया गया। बाल दिवस के अवसर पर जिले के विद्यालयों में उत्सव और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।