प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने लिया भाग
सूरजपुर- भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जिले में जनजातीय गौरव दिवस श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री ने देशवासियों को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिवस जनजातीय समाज के गौरव, स्वाभिमान और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। वर्ष 2021 से प्रारंभ हुआ यह आयोजन आज पूरे देश का उत्सव बन चुका है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखा राजलाल राजवाड़े ने की। इस दौरान उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और देश की आजादी में उनके अतुलनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन जनजातीय समाज के स्वाभिमान, अधिकारों और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उनके विचार और संघर्ष सदैव आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य लवकेश पैकरा, अनुज राजवाड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त घनश्याम सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के संबोधन का वर्चुअल माध्यम से सीधा प्रसारण देखा और सुना।