---Advertisement---

15 महीने तक शिक्षिका की अनुपस्थिति पर विभाग मौन क्यों? कार्यभार ग्रहण करने पहुंचीं तो ग्रामीणों ने किया विरोध

Follow Us
Spread the love

मनवारपारा प्राथमिक शाला का मामला: शिक्षिका पर शराब सेवन कर विद्यालय आने का आरोप, सरपंच ने कलेक्टर को भेजी लिखित सूचना, जिला शिक्षा अधिकारी की निगरानी और जवाबदेही पर उठे गंभीर सवाल?

सूरजपुर। जनपद पंचायत रामानुजनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत साल्ही के मनवारपारा स्थित प्राथमिक शाला में सहायक शिक्षिका के कार्यभार ग्रहण करने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जानकारी के अनुसार, संबंधित शिक्षिका अगस्त 2025 से विद्यालय में अनुपस्थित थीं। करीब 15 महीने बाद 13 नवंबर 2026 को अचानक विद्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया शुरू करने पर ग्रामीणों और अभिभावकों ने कड़ा विरोध जताया।

ग्रामीणों एवं सरपंच का आरोप है कि पूर्व में संबंधित शिक्षिका शराब का सेवन कर विद्यालय आती थीं, जिसका बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता था। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य और संस्कार निर्माण का केंद्र है। ग्रामीणों के अनुसार, यदि शिक्षिका के आचरण को लेकर उठ रही शिकायतों को नजरअंदाज किया गया तो यह बच्चों के हितों के साथ खिलवाड़ होगा। ग्रामीणों और अभिभावकों ने इसी आधार पर शिक्षिका के पुनः कार्यभार ग्रहण करने पर आपत्ति जताई है।

मामले को लेकर ग्राम पंचायत साल्ही के सरपंच कमलो सिंह ने संस्था प्रमुख एवं जिला कलेक्टर सूरजपुर को लिखित सूचना प्रेषित की है। इसमें संबंधित शिक्षिका को कार्यभार ग्रहण नहीं कराने और मामले में उचित संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है।

लेकिन इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपुर की भूमिका को लेकर खड़ा हो रहा है। क्या जिला शिक्षा अधिकारी को संबंधित शिक्षिका की अगस्त 2025 से लगातार अनुपस्थिति की जानकारी नहीं थी? यदि जानकारी थी, तो लगभग 15 महीने तक विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई की गई? क्या अनुपस्थिति की नियमित समीक्षा हुई और क्या इस अवधि का कोई विभागीय रिकॉर्ड संधारित किया गया? यदि विभाग को इसकी जानकारी ही नहीं थी, तो यह शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल है।

वहीं, जब इतने लंबे समय बाद शिक्षिका विद्यालय पहुंचीं, तब कार्यभार ग्रहण कराने से पहले उनकी अनुपस्थिति की अवधि, विभागीय अनुमति और संबंधित शिकायतों की जांच की गई या नहीं, यह भी स्पष्ट होना चाहिए। आखिरकार, बिना पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट किए कार्यभार ग्रहण कराने की प्रक्रिया पर ग्रामीणों की आपत्ति को कैसे नजरअंदाज किया जा सकता है?

अब जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपुर से सवाल है कि इस पूरे मामले में विभाग की जवाबदेही कौन तय करेगा? क्या शिक्षिका की अनुपस्थिति और ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी या मामला केवल कार्यभार ग्रहण कराने तक सीमित रह जाएगा।

ग्रामीणों एवं अभिभावकों की मांग है कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग मामले को गंभीरता से लें, शिक्षिका की अनुपस्थिति का पूरा रिकॉर्ड जांचें, लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराएं तथा जांच के आधार पर नियमानुसार निर्णय लें। बच्चों के भविष्य और विद्यालय की गरिमा से जुड़े इस मामले में अब शिक्षा विभाग की कार्रवाई का इंतजार है।

इस संबंध में जब जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा का पक्ष लेने के लिए उनके कार्यालय में संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि इस विषय की मुझे अभी जानकारी नहीं है, मैं पता करवाता हूं। फिलहाल मामले की लिखित शिकायत ग्राम के सरपंच एवं ग्रामीणों द्वारा सूरजपुर कलेक्टर कार्यालय (शाखा डीईओ) में प्रस्तुत की गई है।

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment