पूर्व पारित प्रस्ताव के अनुसार लागत मूल्य व 1000 रुपये मासिक किराये पर छोटे व्यवसायियों को दुकान आवंटित करने की उठाई मांग
सूरजपुर। नगर पालिका परिषद सूरजपुर द्वारा पुराना बस स्टैंड के पीछे चौपाटी में निर्मित दुकानों की नीलामी (ऑक्शन) प्रक्रिया को लेकर विरोध शुरू हो गया है। सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर की अध्यक्ष शशि सिंह ने कलेक्टर सूरजपुर को ज्ञापन सौंपकर नगर पालिका द्वारा जारी निविदा को तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
कलेक्टर को सौंपे गए पत्र (क्रमांक क्यू/2026, दिनांक 16/11/2026) में जिलाध्यक्ष शशि सिंह ने उल्लेख किया है कि नगर पालिका सूरजपुर द्वारा पुराना बस स्टैंड के पीछे चौपाटी में दुकानों का निर्माण कराया गया है। इन दुकानों को लेकर पूर्व में नगर पालिका परिषद द्वारा सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया था कि जो दुकानदार चौपाटी में पूर्व से दुकान संचालित कर रहे हैं, उन्हें दुकानों के लागत मूल्य पर तथा 1,000 रुपये प्रतिमाह किराये पर आवंटित किया जाएगा।
ज्ञापन में बताया गया है कि पूर्व प्रस्ताव के विपरीत नगर पालिका परिषद सूरजपुर द्वारा 11 नवंबर 2026 को निविदा क्रमांक 6702/न.पा.प./2026-27 जारी कर इन दुकानों को ऑक्शन (नीलामी) के माध्यम से आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चौपाटी में ठेला-गुमटी लगाकर व्यवसाय करने वाले सभी लोग अत्यंत छोटे एवं मध्यम वर्गीय व्यवसायी हैं, जो ऊंची बोली लगाकर ऑक्शन के माध्यम से दुकान लेने में आर्थिक रूप से सक्षम नहीं हैं। यदि इन दुकानों की नीलामी की जाती है, तो वर्षों से वहां रोजगार कर रहे छोटे दुकानदारों के साथ अन्याय होगा और उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो जाएगा।
उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि जनहित और छोटे व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए 11 नवंबर को जारी निविदा को निरस्त किया जाए तथा पूर्व में परिषद द्वारा सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के आधार पर पात्र दुकानदारों को दुकानें आवंटित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।