---Advertisement---

कलेक्टर ने किया धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाओं का पड़ताल, किसानों की सुविधाओं और पारदर्शी खरीदी पर दिया जोर

Follow Us
Spread the love

कृषकों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की ली जानकारी, तुंहर हाथ टोकन मोबाइल एप से टोकन प्रक्रिया का किया अवलोकन

अवैध धान परिवहन पर निगरानी के लिए जिले में 04 चेक पोस्ट स्थापित

सूरजपुर- खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से प्रारंभ हो गई है। धान खरीदी के व्यवस्था का जायजा लेने कलेक्टर रेना जमील ने धान उपार्जन केंद्र कृष्णपुर, देवनगर एवं चंदरपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन कर अधिकारियों को किसानों की सुविधा, पारदर्शिता एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप धान खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर जमील ने कहा कि धान विक्रय के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए केंद्रों में पेयजल, बैठने एवं छांव की व्यवस्था, पर्याप्त बारदाना, हमाल, तौल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। साथ ही खरीदे गए धान का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने केंद्रों में नमी मापी यंत्र से धान की नमी की जांच कराई तथा स्वयं भी मशीन से नमी मापकर देखी। इसके अलावा धान की बोरियों का वजन कराकर निर्धारित मापदंड के अनुसार खरीदी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिलर्स द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली खराब बोरियों को स्वीकार नहीं करने तथा केंद्रों में साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरे, ऋण सूची एवं आवश्यक सूचनाओं का प्रदर्शन सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों से सीधा संवाद करते हुए धान खरीदी की प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। कृष्णपुर केंद्र में धान विक्रय करने पहुंचे किसान श्री हेमसाय राजवाड़े ने बताया कि वे 54 क्विंटल धान बेचने आए हैं। वहीं नारायणपुर के किसान रामनरेश ने 100 क्विंटल धान का विक्रय किया। चंदरपुर समिति में भैयालाल, हंसलाल एवं रामजतन साहू सहित 19 किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान बेचा।

कलेक्टर ने कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली आदान सहायता राशि की जानकारी भी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना के प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा गांव-गांव में मुनादी के माध्यम से किसानों को जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं मोबाइल के माध्यम से श्तुंहर हाथश् टोकन एप पर टोकन काटने की प्रक्रिया का अवलोकन किया और किसानों को डिजिटल माध्यम से टोकन प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा।

60 उपार्जन केंद्रों में 68,531 पंजीकृत किसानों से होगी धान खरीदी

उल्लेखनीय है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में जिले के 60 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 68,531 पंजीकृत किसानों से धान की खरीदी की जाएगी। किसानों की सुविधा एवं उपार्जन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से इस वर्ष जिले में 06 नए धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। पिछले दो दिन में जिले के 35 धान उपार्जन केन्द्रो में 300 किसानों से 12408 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी हैं।

अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर प्रशासन की कड़ी निगरानी

जिले में अवैध धान की आवक रोकने के लिए 04 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां अलग-अलग पालियों में निगरानी की जा रही है। इसके अतिरिक्त सभी 09 तहसीलों में उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं। कोचियों-बिचौलियों तथा अवैध धान के परिवहन एवं भंडारण पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुनील अग्रवाल, जिला खाद्य अधिकारी संदीप भगत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment