---Advertisement---

भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश का हर वर्ग परेशान: जफर हैदर

Follow Us
Spread the love

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने किसानों, कर्मचारियों व युवाओं की समस्याओं के तत्काल निराकरण की उठाई मांग

कहा— धान खरीदी में गिरदावरी-रकबा त्रुटि और कर्मचारियों की हड़ताल से आम जनता हो रही हलाकान

सूरजपुर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सूरजपुर के अध्यक्ष जफर हैदर ने प्रदेश की भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर निशाना साधते हुए कहा है कि वर्तमान शासनकाल में राज्य का हर वर्ग परेशान और निराश है। सरकार की नीतियों और वादों के विपरीत धरातल पर किसानों, कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों की बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।

हड़ताल से ठप सरकारी कामकाज, संवेदनशीलता दिखाए सरकार

जफर हैदर ने कहा कि प्रदेश में पटवारियों सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के आंदोलन और हड़ताल के चलते सरकारी कार्यालयों में कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है, जिसका सीधा खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक, स्वास्थ्य कर्मी और अन्य कर्मचारी संगठन अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन करने को मजबूर हैं, जिस पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ विचार करना चाहिए।

धान खरीदी व रकबा त्रुटि से किसान चिंतित

किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि धान खरीदी को लेकर अन्नदाता पहले से ही चिंतित हैं। गिरदावरी, फसल सत्यापन और रकबे में कटौती जैसी समस्याओं के कारण किसानों को दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने मांग की कि प्रशासन इन त्रुटियों का तत्काल निराकरण कर किसानों को समय पर अपनी उपज बेचने की सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करे।

जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी कांग्रेस

उन्होंने कहा कि महंगाई, बढ़े हुए बिजली बिल, लचर स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी से आम जनता जूझ रही है। लोकतंत्र में जनता और कर्मचारियों की आवाज सुनना सरकार की जिम्मेदारी है, न कि आंदोलनों को दबाना। जफर हैदर ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों और आम नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी।

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment