---Advertisement---

सूरजपुर में एसपी योगेश पटेल के सख्त तेवर: लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और नशा तस्करों पर कसेगा शिकंजा

Follow Us
Spread the love

क्राइम मीटिंग में 60-90 दिन से लंबित अपराध, मर्ग व शिकायतों के शीघ्र निपटारे के निर्देश, लापरवाही पर दी चेतावनी

फरार वारंटियों की धरपकड़, जिलाबदर की कार्रवाई और ‘ई-साक्ष्य’ व सीसीटीएनएस के जरिए स्मार्ट पुलिसिंग पर जोर

सूरजपुर- पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के द्वारा बुधवार, 18 नवम्बर .2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों की महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग ली गई। बैठक में पूर्व में जारी निर्देशों के पालन की समीक्षा के साथ जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, कानून-व्यवस्था की स्थिति एवं आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।

पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने प्रत्येक थाना-चौकी प्रभारी से अपराधों की विवेचना, लंबित प्रकरणों, चालान, मर्ग, गुम इंसान, शिकायतों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रकरणों के लंबित रहने के कारणों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग का आधार अपराधों की रोकथाम, त्वरित कार्यवाही, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग तथा आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार है। सभी थाना एवं चौकी प्रभारी आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका तत्परता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण करें। 

60 एवं 90 दिवस से अधिक लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष फोकस।

पुलिस अधीक्षक ने 60 एवं 90 दिवस से अधिक समय से लंबित अपराधों को गंभीरता से लेते हुए इनके शीघ्र निराकरण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण में विवेचना की प्रगति, साक्ष्यों के संकलन, आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चालान प्रस्तुत करने की स्थिति की समीक्षा करते हुए विवेचकों को गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों पर आधारित विवेचना करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ई-साक्ष्य सिड, आईआईएफ-1 से 6 तक की प्रविष्टियों तथा कैस एंट्री पेडिंग चार्जशीट की स्थिति का भी परीक्षण किया गया। सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित डिजिटल प्रविष्टियों एवं अभिलेखीय कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कर रिकॉर्ड अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

फरार आरोपियों, वारंटियों एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के निर्देश।

बैठक में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, समंस एवं स्थायी वारंटों की तामीली, निगरानी बदमाशों एवं गुंडा बदमाशों की गतिविधियों की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना/चौकी प्रभारियों को फरार आरोपियों एवं वारंटियों की पतासाजी कर उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा आदतन अपराधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई एवं जिलाबदर हेतु चिन्हांकित अपराधियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी विशाल गर्ग, एसडीओपी प्रेमनगर बेर्नार्ड कुजूर, एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, डीएसपी अजाक रीता नीलम कुजूर, जिले के थाना-चौकी प्रभारी सहित जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारीगण मौजूद रहे।

नशा तस्करी एवं असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्यवाही के निर्देश।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना-चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं नशा तस्करी के विरुद्ध निरंतर प्रभावी एवं कठोर वैधानिक कार्यवाही करने के कड़े निर्देश दिए। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के साथ उनके नेटवर्क की पहचान कर ठोस एवं परिणाममूलक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। बीट प्रणाली को पूरी तरह सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया कि बीट अधिकारी नियमित रूप से अपने क्षेत्रों में भ्रमण करें, आम नागरिकों से निरंतर संपर्क एवं समन्वय बनाए रखें तथा क्षेत्र के संदिग्ध व्यक्तियों, आपराधिक गतिविधियों एवं संवेदनशील स्थानों की अद्यतन जानकारी संकलित करें। थाना-चौकी प्रभारी स्वयं इन गतिविधियों की मॉनिटरिंग करें, ताकि अपराधों की रोकथाम के साथ क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देश।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने सभी थाना-चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं। शराब के नशे में वाहन चलाने तथा लापरवाहीपूर्वक एवं तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाकर प्रभावी वैधानिक कार्यवाही करें। साथ ही राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अनाधिकृत रूप से वाहन खड़ा करने वालों के विरुद्ध सख्ती बरते ताकि दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ यातायात का सुचारू एवं सुरक्षित संचालन बना रहे।

डिजिटल एवं तकनीक आधारित पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश।

आधुनिक तकनीक को प्रभावी पुलिसिंग एवं वैज्ञानिक विवेचना का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए सीसीटीएनएस, ई-साईन चालान, ई-साक्ष्य, ई-मेडलीपीआर, ई-एफएसएल सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं विवेचकों को इन प्लेटफॉर्म का नियमित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अपराधियों की पहचान, साक्ष्य संकलन, वैज्ञानिक विवेचना एवं प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाई जा सके। बैठक में ई-मेडलीपीआर के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सभी विवेचकों द्वारा नियमित सीआरए लॉगिन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने स्पष्ट किया कि डिजिटल कार्यों एवं ऑनलाइन प्रविष्टियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी आवश्यक प्रविष्टियां निर्धारित समय-सीमा में त्रुटिरहित पूर्ण की जाएं।

जप्ती माल के निराकरण संबंधी निर्देश

थानों में लंबित जप्ती माल का नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने, प्रकरणों में जप्त वाहनों, मादक पदार्थों, अवैध सामग्रियों एवं अन्य संपत्ति का वर्षवार विवरण तैयार कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। माननीय न्यायालय में लंबित मामलों में प्रभावी पैरवी एवं समन्वय स्थापित कर जप्ती माल के निराकरण में अनावश्यक विलंब न होने दें। साथ ही जप्ती माल के रखरखाव एवं अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने निर्देशित किया।

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment