सूरजपुर- शासकीय रेवती रमण मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय सूरजपुर में ईएलसी (ELC) क्लब के तत्वावधान में जिला स्तरीय निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एच. एन. दुबे के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों—प्रेमनगर, भटगांव और प्रतापपुर के विभिन्न महाविद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। निबंध प्रतियोगिता के लिए “मतदान का महत्व” और “शुद्ध मतदाता सूची का महत्व” विषय निर्धारित किए गए थे। वहीं, क्विज प्रतियोगिता में “मतदाता सूची निर्माण, ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) की कार्यप्रणाली तथा मतदान प्रक्रिया” से जुड़े प्रश्न पूछे गए।
कड़े मुकाबले के पश्चात निबंध प्रतियोगिता में शासकीय रेवती रमण मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय सूरजपुर के बी.ए. पंचम सेमेस्टर के छात्र सुशील कुमार सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार क्विज प्रतियोगिता में आईटीआई प्रतापपुर के छात्र अजय खमरिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
इस जिला स्तरीय आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों, अतिथि व्याख्याताओं, जनभागीदारी शिक्षकों तथा समस्त कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।