---Advertisement---

प्रतापपुर में भीषण सड़क हादसा: टायर फटने के बाद पेड़ से टकराई यात्री बस, कटर से केबिन काटकर चालक को निकाला, 16 यात्री घायल

Follow Us
Spread the love

बिहार के सासाराम से अंबिकापुर जा रही थी स्लीपर बस, शिवपुर चौक खजुरी के पास रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात हुआ हादसा

गंभीर रूप से घायल चालक-कंडक्टर समेत सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर किया गया रेफर

प्रतापपुर (सूरजपुर)। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर चौक खजुरी के पास रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे एक यात्री बस भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई। बिहार के सासाराम से अंबिकापुर की ओर आ रही ‘शमीम एनएसटी’ स्लीपर बस का टायर डिवाइडर से टकराकर अचानक फट गया, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक आम के पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में बस के चालक और कंडक्टर समेत लगभग 16 यात्री घायल हुए हैं।

कटर से बस का हिस्सा काटकर चालक को निकाला बाहर

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन के अंदर ही फंस गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कटर के जरिए बस के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर गंभीर रूप से घायल चालक को बाहर निकाला गया। हादसे में बस के चालक और कंडक्टर की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर किया गया रेफर

राहत एवं बचाव कार्य के बाद सभी घायलों को एम्बुलेंस से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MCH) अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। प्रतापपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Related News

सूरजपुर की ताजा खबरे

क्राइम न्यूज़

Leave a Comment