कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने के निर्देश, पुलिस अधिकारियों एवं कंट्रोल रूम के नंबर चस्पा करने दी हिदायत।
सूरजपुर। जिले में ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने जिले के समस्त थाना-चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र की ज्वेलरी दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश के परिपालन में दिनांक 25.11.2026 को जिले के विभिन्न थाना-चौकी के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की ज्वेलरी दुकानों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान दुकानों में सुरक्षा की दृष्टि से लगाए गए सीसीटीव्ही कैमरों की स्थिति, उनकी कार्यशीलता तथा रिकॉर्डिंग के लिए उपलब्ध बैकअप स्टोरेज की जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देशित किया कि दुकान के अंदर एवं बाहर पर्याप्त संख्या में सीसीटीव्ही कैमरे लगाए ताकि दुकान के प्रवेश एवं निकास द्वार सहित आसपास की गतिविधियों पर भी सतत निगरानी रखी जा सके। साथ ही सीसीटीव्ही कैमरों को हमेशा चालू रखने तथा रिकॉर्डिंग का पर्याप्त बैकअप सुरक्षित रखने की समझाइश दी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों को दुकान में कार्यरत सभी कर्मचारियों एवं अन्य कर्मियों का अनिवार्य रूप से पुलिस वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों की पहचान समय रहते की जा सके।
इसके अतिरिक्त ज्वेलरी दुकानों में पुलिस कंट्रोल रूम, संबंधित थाना तथा क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों के संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से चस्पा करने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी आपात स्थिति अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाई जा सके। पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों को यह भी हिदायत दी कि दुकान में किसी संदिग्ध व्यक्ति के आने, लगातार दुकान के आसपास रेकी करने अथवा असामान्य गतिविधियां दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें तथा स्वयं भी सतर्क एवं सजग रहें।
सूरजपुर पुलिस ने ज्वेलरी व्यवसायियों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। सीसीटीव्ही कैमरे, रिकॉर्डिंग बैकअप एवं कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन सुनिश्चित करें तथा पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखें। पुलिस एवं आम नागरिकों के आपसी सहयोग और सतर्कता से अप्रिय स्थिति की रोकथाम करने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।