---Advertisement---

प्रतापपुर जुआ कांड: 7 गिरफ्तार, 99,600 जब्त, थाना प्रभारी समेत 5 पुलिसकर्मी निलंबित

Follow Us
Spread the love

सूरजपुर- प्रतापपुर बस स्टैंड के पास जुआ फड़ पर कार्रवाई के बाद पुलिस अधीक्षक सूरजपुर ने सख्त रुख अपनाते हुए जहां 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं मामले में कथित मिलीभगत व संदिग्ध भूमिका के आरोप में थाना प्रभारी समेत 5 पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 27 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि प्रतापपुर बस स्टैंड के पास एक सूने मकान में जुआ चल रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर जुआ खेलते 7 आरोपियों—नंदकेश्वर पैंकरा (35, ग्राम कोनी थाना पस्ता), अब्दुल रज्जाक (38, निवासी प्रतापपुर), मोहम्मद जाहिद (44, निवासी प्रतापपुर), बबलू इराकी (40, ग्राम कदोरा चौकी डबरा), सुनील कुमार (31, ग्राम डबरा चौकी डबरा), आशीष कुमार (19, ग्राम पहिया थाना चंदौरा) और बसंत कुमार (30, ग्राम सेमरा)—को गिरफ्तार किया। मौके से 99,600 रुपये नकद, 3 स्कूटी, 2 मोटरसाइकिल, 1 ओमनी कार, 7 मोबाइल फोन और ताश पत्ती जब्त कर थाना प्रतापपुर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4 के तहत कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में की गई।

दूसरी ओर, उसी दिन (27 नवंबर 2026) पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के कार्यालय से जारी निलंबन आदेश के अनुसार, जिला स्तरीय टीम द्वारा की गई रेड के दौरान यह बात सामने आई कि यह जुआ लक्ष्मण अग्रवाल निवासी प्रतापपुर द्वारा थाना प्रतापपुर के पुलिस कर्मियों की कथित मिलीभगत से खिलवाया जा रहा था। प्रथम दृष्टया संदिग्ध भूमिका पाए जाने और जुआ फड़ पर कार्रवाई नहीं किए जाने के मामले में निरीक्षक दिनेश पुरैना (थाना प्रभारी प्रतापपुर), उपनिरीक्षक विवेक खलखो, आरक्षक 618 राजेश तिवारी, आरक्षक 847 भीमेश आर्मो और आरक्षक 698 राजकुमार पासवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र सूरजपुर संबद्ध किया गया है।

आदेश के तहत निलंबित कर्मियों को सक्षम अधिकारी की पूर्व लिखित अनुमति के बिना मुख्यालय न छोड़ने और कर्तव्यों से अनुपस्थित न रहने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। साथ ही प्रकरण की प्रारंभिक जांच एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का को सौंपते हुए 7 दिवस के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। 

सूरजपुर की ताजा खबरे

Leave a Comment