सूरजपुर। कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के नेतृत्व में सूरजपुर जिले में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी क्रम में 28 नवंबर 2026 को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में आयोजित राज्य स्तरीय विश्व एड्स दिवस कार्यक्रम में सूरजपुर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह एवं आईसीटीसी नोडल अधिकारी डॉ. आशुतोष कोसले को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।
यह सम्मान जिले में एचआईवी/एड्स की रोकथाम, जनजागरूकता, समय पर जांच एवं परामर्श सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचआईवी/एड्स के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, जांच एवं परामर्श सेवाओं का विस्तार करने तथा लोगों को समय पर उपचार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के नेतृत्व में विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी इस दिशा में समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं।
इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पूरे सूरजपुर जिले के लिए गौरव का विषय बताया। यह सम्मान जिले में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रति प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयासों का प्रतीक है।