बेमेतरा – रायपुर रोड में हुई दुर्घटना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित अन्य मंत्री हाल जानने अस्पताल पहुंचे
सूरजपुर – छ. ग. प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम बेमेतरा में एक सड़क हादसे का शिकार हो गए।
सूत्रों ने बताया कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब कृषि मंत्री बेमेतरा से रायपुर लौट रहे थे। बेमेतरा – रायपुर रोड पर ग्राम जेवरा के पास हुए इस भीषण सड़क हादसे में मंत्री रामविचार नेताम का वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंत्री के वाहन को एक तेज रफ़्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे गाड़ी में बैठे मंत्री रामविचार नेताम एवं उनके सहयोगी धीरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की खबर मिलते ही बेमेतरा कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थिति को संभालते हुए अधिकारियों ने शीघ्रता से कार्रवाई करते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनाने का निर्णय लिया। इसके बाद घायल मंत्री रामविचार नेताम एवं उनके सहयोगी धीरज कुमार को अविलंब रायपुर रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मंत्री रामविचार नेताम के सड़क दुर्घटना की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह , उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित पक्ष और विपक्ष के नेतागण अस्पताल पहुंच कर कृषि मंत्री का हाल जाना और परिजनों से हौसला रखने का आग्रह किया। उधर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय डॉक्टरों को हर संभव बेहतर उपचार करने का निर्देश दिया है।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम के सड़क दुर्घटना की खबर से प्रदेश के राजनैतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
एक ओर जहां सारे मंत्री, विधायक कृषि मंत्री रामविचार नेताम के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं वहीं यातायात व्यवस्था में चूक होने की बात कही जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जिस स्थान पर मंत्री रामविचार नेताम का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ है वहां उस स्थान पर पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो जाते हैं । बहरहाल प्रदेश में आयदिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात विभाग क्या उचित कदम उठाएगी यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।

















