सूरजपुर- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने अवैध कारोबार पर शत्-प्रतिशत अंकुश लगाने के सख्त निर्देश थाना-चौकी प्रभारियों को दिए है। इसी क्रम में दिनांक 24.11.2024 को थाना विश्रामपुर पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि ग्राम मानी लाईनपारा में लावारिश रूप से कोयला डम्प किया गया है। सूचना पर थाना विश्रामपुर व सूरजपुर की संयुक्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची जहां 59 टन अवैध कोयला कीमत करीब 2 लाख 95 हजार रूपये का डम्प होना पाया जिसे जप्त कर धारा 106 बीएनएसएस के तहत जप्त कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।
बता दें कि बिश्रामपुर, गेतरा, आमगांव आदि क्षेत्र कोयलांचल क्षेत्र है। इन सभी क्षेत्रों के आसपास या फिर दूरवर्ती क्षेत्रों में संचालित ईंट भट्ठों में प्रायः कोयला तस्कर कोयला खपाने की फिराक में रहते हैं। ऐसे में कोयला तस्करों पर लगाम लगाना पुलिस के लिए एक चुनौती बन जाती है। हालांकि अवैध कारोबार और उससे सम्बंधित लोगों पर पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्यवाही से निःसंदेह अवैध कारोबारी सकते में हैं। अवैध कारोबार पर पूरी तरह से अंकुश लगाने में पुलिस प्रशासन कब तक और कहां तक सफ़ल हो पाती है यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।

















