लगभग 10 दिनों तक पड़ा रहा मृत हाथी का शव , बेखबर रहे अधिकारी।
मृत हाथी के बदबू से जागा वन विभाग, लापरवाही हुई उजागर
सूरजपुर – हाथियों की लगातार हो रही मौत से केवल जिला ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में वन्य प्राणियों की सुरक्षा को लेकर चर्चाएं होने लगी हैं।
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अन्तर्गत RF91 दरहोरा बीट के जंगल में मृत मादा हाथी का बदबूदार शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।हाथी के शव की खबर मिलते ही मौके पर डीएफओ पंकज कमल सहित वन विभाग के अधिकारी – कर्मचारीगण पहुंचे। प्रथम दृष्टया जानकारों ने बताया कि मादा हाथी को मरे लगभग 10 दिन हो गया है जिसके कारण शव लगभग सड़ गया है और बदबू आना शुरू हो गया।
ऐसे में सम्बंधित क्षेत्र के वन अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यप्रणाली पर इस बात को लेकर सवाल उठने लगा है कि इतने दिनों तक किसी को पता कैसे नहीं चल पाया। आखिर हाथी विचरण क्षेत्र में वन अमला के गश्ति और वन्य प्राणियों पर निगरानी गतिविधियों का क्या हुआ ? जिसकी मोटी तनख्वाह उन्हें मिलती है। मादा हाथी के मौत के 10 दिनों तक वन विभाग का बेखबर होना कहीं न कहीं उनके लापरवाही को उजागर करता है।
बता दें कि विभागीय उच्चाधिकारियों की उपस्थिति में मृत मादा हाथी का पोस्टमार्टम किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हाथी के मौत का कारण पता चल सकेगा।
सूत्रों ने बताया कि लगभग 18 वर्षीय मादा हाथी का शव दरहोरा बीट के अमर पहाड़ के तराई में गोरहाडांड मोहल्ला से एक किलोमीटर अंदर देखा गया था।



















