सूरजपुर। नगरीय निकाय चुनाव के तारीखों का ऐलान होते ही जहां एक ओर उम्मीदवारों की धड़कने तेज हो गई हैं वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर चल रहे चुनावी दांवपेंच, आरोप-प्रत्यारोप के साथ प्रचार-प्रसार का दौर शुरू हो गया है।

इसी बीच नगर पंचायत बिश्रामपुर में कुछ नए पुराने चेहरों के भाजपा में शामिल हो जाने से आगामी चुनाव में भारी उलटफेर होने की संभावना जताई जा रही है।
प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने आपकी आवाज़ cg न्यूज़ के संपादक राजेन्द्र पासवान, रविशंकर बऊवा एवं तरुण प्रधान उर्फ छोटी को फूलमाला पहनाते हुए भाजपा में प्रवेश कराया।

बता दें कि भाजपा के पूर्व पार्षद एवं बिश्रामपुर मंडल के पूर्व महामंत्री, मुखर वक्ता के साथ साथ बतौर मीडियाकर्मी राजेन्द्र पासवान नगर पंचायत बिश्रामपुर में लोगों के बीच गहरी पैठ रखते हैं। वहीं भाजपा से 3 बार और कांग्रेस पार्टी से एक बार पार्षद रह चुके रविशंकर बऊवा स्थानीय जनता के बीच काफी लोकप्रिय हैं। इसके साथ ही नगर पंचायत बिश्रामपुर के वार्ड क्रमांक 10 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ते हुए भाजपा सहित कांग्रेस उम्मीदवार को कड़ी टक्कर देने के बाद सुर्खियों आए तरुण प्रधान को एक तेजतर्रार युवा चेहरे के रूप देखा जा रहा है।
ऐसे में नगर पंचायत बिश्रामपुर के ये तीन बड़े चेहरों के भाजपा में शामिल हो जाने से विरोधी दलों के संभावित उम्मीदवारों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच गई हैं।

आगामी नगर पंचायत चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा इन्हें क्या जिम्मेदारी मिलती है यह तो आने वाला समय बताएगा।
इस अवसर पर भाजपा बिश्रामपुर के मण्डल अध्यक्ष कैलाश सिरदार, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश यादव, महामंत्री सतीश तिवारी, भाजयुमो प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य सूरज शेट्टी, गौतम सिंह, सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

















