भजन-कीर्तन के साथ शंख और घंटे की ध्वनि से भक्तिमय बना वातावरण
सूरजपुर। जिले भर में महाशिवरात्रि का पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। आज सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की लम्बी कतारें देखी गईं। इस अवसर पर जिले के जहां प्रत्येक शिवालयों में साज सजावट के साथ भजन-कीर्तन के साथ विधिवत् पूजा अर्चना की गई।

इसी क्रम में भैयाथान जनपद पंचायत क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम पंचायत बांसापारा में जलाशय के पास स्थित श्री सिद्धबाबा मंदिर में आज सुबह से श्रद्धालुओं की लम्बी कतार लगी रही। भक्तगण शिवालय में शंकर-पार्वती का जलाभिषेक कर, पुष्प, रोली, मोली, चंदन, घी, बेलपत्र, धतूरे आदि चढ़ाकर मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना करते नजर आए।

क्षेत्र के प्राचीन और ऐतिहासिक मंदिरों में से यह सिद्धबाबा का मंदिर की प्रसिद्धि अपने आप में बहुत अधिक है।

मंदिर से कुछ दूरी पर सुन्दर पहाड़ियों और जंगलों से घिरा प्राकृतिक सौंदर्य मंदिर प्रांगण के क्षेत्र की सुंदरता में चार चाँद लगा देती है। मंदिर के घंटे बजने के साथ शंख की जादुई ध्वनि अनायास ही भक्तिमय वातावरण बना देती है। मन्दिर में आने वाले श्रद्धालुओं का कहना है कि इस मन्दिर में प्रवेश करते स्वतः ही मन में उर्जा का संचार हो जाता है। भक्तों द्वारा मन से मांगी गई सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है।

पूजा अर्चना के दौरान दिन भर इस देवालय में भजन कीर्तन के साथ भंडारे का आयोजन किया गया था। इस पूरे आयोजन में पूजा समिति के सदस्यों सहित क्षेत्र के कई समाजसेवी और ग्रामीणों का योगदान सराहनीय रहा।



















