सूरजपुर। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए सभी मृतकों की याद में एनएसयूआई प्रतापपुर, जिला सूरजपुर छत्तीसगढ़ ने एक श्रद्धांजलि सभा और मोमबत्ती मार्च का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम के मार्गदर्शन में और सूरजपुर एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष आकाश साहू के निर्देशानुसार किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुराना बस स्टैंड कॉलेज चौक के पास दो मिनट का मौन धारण किया गया, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके पश्चात एक मोमबत्ती मार्च का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों छात्र और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। इस मौके पर, डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कहा, “आतंकवादियों की इस कायरता की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। यह घटना हमारे समाज के लिए एक गहरी चोट है। हमें एकजुट होकर आतंकवाद का सामना करना होगा।”
आक्रोश का माहौलः इस घटना ने पूरे नगर में आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। एनएसयूआई के सदस्य और स्थानीय नागरिक इस हमले को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं। जिला अध्यक्ष आकाश साहू ने कहा, “हम सभी को मिलकर इस तरह की कायरतापूर्ण हरकतों के खिलाफ आवाज उठानी होगी। हमें अपने देश की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहना होगा।”
इस कार्यक्रम में सूरजपुर एनएसयूआई के पूर्व जिला उपाध्यक्ष चंदन गुप्ता, छात्र नेता पंकज सिंह, धर्मजीत, सोयमा, अजय सिंह, रिजवान अंसारी, रिंकी मरावी, अमरीता सिंह, गीता टेकाम, लालमुनि, चन्दु, सुनील और दानिश भी उपस्थित रहे। सभी ने इस घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया और शहीदों के प्रति अपनी श्रृद्धांजलि अर्पित की।
यह कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि नहीं था, बल्कि यह एक मजबूत संदेश भी था कि हम एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ खड़े होने के लिए तैयार हैं। इस प्रकार के आयोजनों से न केवल शहीदों को याद किया जाता है, बल्कि समाज में एकता और समर्पण की भावना भी प्रबल होती है।


















