हितग्राहियों को वितरित किए गए राशन कार्ड व मनरेगा जॉब कार्ड
भैयाथान। सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत ग्राम पंचायत शिवप्रसादनगर, जनपद पंचायत भैयाथान में मंगलवार को समाधान शिविर 2025 का सफल आयोजन किया गया। शिविर में जिला पंचायत सदस्य अखिलेश प्रताप सिंह, जनपद सदस्यगण एवं एसडीएम भैयाथान की उपस्थिति रही।

शिविर के दौरान सेक्टर शिवप्रसादनगर के पात्र हितग्राहियों को 10 राशन कार्ड तथा 17 मनरेगा जॉब कार्ड का वितरण किया गया। साथ ही शिविर में प्राप्त आवेदनों व शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई।

अधिकारियों ने बचे हुए आवेदनों पर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही कर समाधान के निर्देश दिए। समाधान शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और शासन की इस पहल की सराहना की।




















